Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: राजिम में बाबा कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचा महानदी का पानी, कई मार्ग बंद

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: राजिम में बाबा कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचा महानदी का पानी, कई मार्ग बंद

July 30, 2026 Off By admin
शेयर करें

Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राजिम धाम में महानदी का जलस्तर बढ़ने से त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर वर्षों बाद जलमग्न हो गया है। वहीं गरियाबंद, दंतेवाड़ा और रायपुर समेत कई जिलों में सड़क संपर्क और यातायात प्रभावित हुआ है।

बाबा कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचा महानदी का पानी

गरियाबंद जिले में पिछले 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में वर्षों बाद पानी पहुंच गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की मुनादी कराई जा रही है।

गरियाबंद में हाईवे बंद, बसों के पहिए थमे

लगातार बारिश से पैरी नदी भी उफान पर है। इसके चलते नेशनल हाईवे-130सी पर पंटोरा के पास जलभराव हो गया है, जिससे रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर बीते 24 घंटे से यातायात प्रभावित है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी है, जिससे यात्री बसों का संचालन भी ठप हो गया है।

दंतेवाड़ा में पुल के ऊपर बहा पानी

दंतेवाड़ा जिले में लगातार बारिश के कारण भैरमगढ़ के पातरपारा स्थित पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

रायपुर में महादेव घाट पुल तक पहुंचा खारुन नदी का पानी

राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महादेव घाट पर नदी के ऊपर बने पुल तक पानी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


शेयर करें